हज से सकुशल लौटे हाजी इब्राहिम कुरैशी का भव्य इस्तकबाल, दुआओं और मोहब्बत के माहौल में हुआ स्वागत
चित्तौड़गढ़ जिले के सभी 166 एवं निंबाहेड़ा के 25 हज यात्री सकुशल लौटे, टोंक रुबात की निःशुल्क सुविधा से हाजियों को मिली बड़ी राहत
निंबाहेड़ा, 14 जून 2026
(ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल।पवित्र हज यात्रा संपन्न कर सकुशल वतन लौटे हाजी जनाब इब्राहिम कुरैशी का नगर में आत्मीय, गरिमामय एवं भावपूर्ण स्वागत किया गया। लगभग 46 दिनों के रूहानी सफर के बाद हाजी इब्राहिम कुरैशी 24 अप्रैल 2026 को सऊदी अरब स्थित मक्का मुकर्रमा एवं मदीना मुनव्वरा की पवित्र हज यात्रा पर रवाना हुए थे तथा अल्लाह के फज़्लो-करम से सकुशल अपने गृह नगर निंबाहेड़ा लौटे।
इस खुशी और बरकत के मौके पर उनके निजी निवास इश्काबाद में विशेष नियाज़ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों एवं हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान हज खिदमत कमेटी निंबाहेड़ा के सदर मतलूब अजमेरी, सचिव हाजी अख्तर पटेल, नायब सदर हाजी भूरू जागीरदार, हाजी कल्लू बा मंसूरी, इमरान खान, कोषाध्यक्ष अब्दुल कलाम एडवोकेट, अनीस अहमद शेख, सादिक हुसैन सहित अनेक गणमान्यजनों ने हाजी इब्राहिम कुरैशी का साफा बंधवाकर, गुलपोशी कर एवं मुबारकबाद पेश करते हुए गर्मजोशी से इस्तकबाल किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने हाजी साहब से पवित्र हज यात्रा के अनुभव सुने तथा मुल्क, प्रदेश और समस्त इंसानियत की अमन, खुशहाली, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआएं कीं। माहौल पूरी तरह आध्यात्मिकता, मोहब्बत और आपसी सौहार्द से सराबोर नजर आया।
हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष चित्तौड़गढ़ जिले से कुल 166 हज यात्रियों को पवित्र हज यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिनमें निंबाहेड़ा के 25 हाजी भी शामिल रहे। अल्लाह के करम से सभी हज यात्री सकुशल अपने वतन लौट आए हैं। हाजियों की वापसी के साथ ही नगर एवं जिलेभर में उनके स्वागत, मुबारकबाद और दुआओं का सिलसिला लगातार जारी है।
पदाधिकारियों ने बताया कि हज खिदमत कमेटी निंबाहेड़ा वर्षों से हज यात्रियों की सेवा में समर्पित भाव से कार्य कर रही है। कमेटी द्वारा हज आवेदन पत्र भरवाने, बैंक किश्त जमा कराने, मेडिकल कैंप आयोजित कराने, हज हाउस जयपुर में आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने, यात्रियों की रिपोर्टिंग, मार्गदर्शन तथा एयरपोर्ट तक रवाना करने सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
टोंक रुबात की सुविधा बनी हाजियों के लिए बड़ी नेमत
हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष निंबाहेड़ा के सभी 25 हाजियों को मक्का मुकर्रमा स्थित ऐतिहासिक टोंक रुबात में ठहरने की सुविधा प्राप्त हुई। टोंक के नवाबों द्वारा निर्मित इस ऐतिहासिक रुबात में निःशुल्क आवास मिलने से प्रत्येक हाजी को लगभग 50 हजार रुपये तक की आर्थिक बचत हुई, जिससे यात्रियों एवं उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली।
सभी हाजियों एवं हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों ने टोंक रुबात में निःशुल्क ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए टोंक रुबात के प्रबंधक हाजी मोइनुद्दीन निज़ाम साहब के प्रति दिली शुक्रिया और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से अनेक हाजियों को इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ प्राप्त हो रहा है।
पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि गत वर्ष भी निंबाहेड़ा क्षेत्र के 18 हाजियों को टोंक रुबात में ठहरने का अवसर मिला था, जिससे प्रत्येक हाजी को लगभग 50 हजार रुपये तक की बचत हुई थी। इस प्रकार लाखों रुपये की आर्थिक राहत हाजियों को प्राप्त हुई, जो एक सराहनीय पहल है।
इस वर्ष निंबाहेड़ा से हज यात्रा पर जाने वालों में हाजी मोहम्मद अहमद खान (कोहिनूर होटल), हाजी मोहम्मद सईद, हाजी फरीद खान, हाजी आरिफ खिलजी, हाजी हबीब हुसैन, हाजी इब्राहिम कुरैशी, हाजी सलीम खान (बाड़ी), हाजी लुकमान हकीम, हाजी इलियास खान, हाजी मोहम्मद यासीन अंसारी, हाजी मोहम्मद अनीस मंसूरी, हाजी इश्तियाक हुसैन, हाजी जाकिर मेव सहित अन्य हाजियों ने पवित्र हज यात्रा का सौभाग्य प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित गणमान्यजनों ने सभी हाजियों की सकुशल वापसी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें मुबारकबाद दी तथा उनकी दुआओं को पूरे क्षेत्र के लिए बरकत, अमन, मोहब्बत और खुशहाली का पैगाम बताया।
