शिक्षा का महाकुंभ: 500 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, प्रतिभाओं को मिला मंच

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल।राजस्थानी अरोड़ा खत्री सर्वोच्च समिति, जोधपुर के तत्वावधान में आयोजित “शिक्षा का महाकुंभ-2026” टाउन हॉल में उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2023-24 एवं 2024-25 के करीब 500 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल तथा अध्यक्षता कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. डॉ. बी.पी. सारस्वत ने की। अतिथियों ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। वहीं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
समिति अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार अरोड़ा ने कहा कि शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक सोच समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। इस अवसर पर छात्रवृत्ति प्राप्त कर उच्च शिक्षा हासिल करने वाले 15 सफल विद्यार्थियों का भी विशेष सम्मान किया गया।
आयोजन शिक्षा, संस्कार, सामाजिक एकता और प्रतिभा सम्मान का प्रेरणादायी उत्सव बनकर उभरा।