सामाजिक कुरीतियों पर लगाया प्रतिबंध, छात्रावास निर्माण हेतु 11 सदस्यीय समिति गठित

चित्तौड़गढ़: स्मार्ट हलचल।अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान जिला चित्तौड़गढ़ की जिला स्तरीय सामाजिक बैठक रविवार को बस्सी स्थित माँ टुकड़ा माता जी परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन एवं शिक्षा के विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।युवा जिला अध्यक्ष जगदीश सिंह सिसोदिया ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से मृत्यु भोज में केवल एक मिठाई बनाने तथा धोवरा प्रथा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही समाज के विद्यार्थियों के लिए जिले में छात्रावास निर्माण की दिशा में पहल करते हुए 11 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। बैठक में आगामी सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में प्रदेश पदाधिकारी कालू सिंह सोलंकी, सत्यनारायण सिंह, कान सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह चौहान, जिला महामंत्री हिम्मत सिंह भाटी, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोहर सिंह भाटी, पूर्व कोषाध्यक्ष जयकिशन सिंह राठौड़, रघुवीर सिंह (सरपंच, अभयपुर) सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

बैठक में सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रसार एवं समाज सुधार के लिए सभी सदस्यों ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। समाज हित में लिए गए निर्णयों का उपस्थित समाजजनों ने स्वागत किया।