माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसानों को वितरित किया गया खरीफ 2026 का फसली ऋण

मांडलगढ़, 15 जून 2026।

स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार की सहकारिता आधारित किसान हितैषी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा किसानों को समय पर कृषि कार्यों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से थलकलां ग्राम सेवा सहकारी समिति द्वारा विशेष ऋण वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को मांडलगढ़ क्षेत्र में माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसानों को अल्पकालीन फसली ऋण का वितरण किया गया।प्रबंध निदेशक श्री आलोक चौधरी एवं शाखा प्रबंधक श्री विनीत महेश्वरी (महुआ शाखा) के निर्देशानुसार 30 जून 2026 तक शत-प्रतिशत ऋण वितरण एवं ऋण वसूली के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समिति द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत थलकलां ग्राम सेवा सहकारी समिति के व्यवस्थापक श्री प्रेमशंकर शर्मा एवं सहायक व्यवस्थापक श्री नरेन्द्र सिंह कानावत ने मांडलगढ़ स्थित श्री बाण माताजी गोवटा देवस्थान पहुंचकर माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसानों को ऋण राशि उपलब्ध कराई।

कार्यक्रम के दौरान किसान श्री सावरमल जाट एवं श्रीमती हरकू देवी जाट को कुल 49 हजार 587 रुपये का अल्पकालीन फसली ऋण वितरित किया गया। किसानों को यह राशि खरीफ सीजन की बुवाई, बीज, खाद, कीटनाशक तथा अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रदान की गई, जिससे वे समय पर कृषि कार्य प्रारंभ कर सकें।

समिति अधिकारियों ने बताया कि सहकारी संस्थाओं का उद्देश्य किसानों को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। माइक्रो एटीएम के माध्यम से ऋण वितरण की व्यवस्था से किसानों को बैंक शाखाओं में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती तथा उन्हें मौके पर ही डिजिटल माध्यम से ऋण राशि प्राप्त हो जाती है। इससे समय की बचत होने के साथ-साथ पारदर्शिता और सुविधा भी सुनिश्चित होती है।

उन्होंने बताया कि समिति द्वारा आगामी दिनों में भी क्षेत्र के पात्र किसानों तक पहुंचकर ऋण वितरण एवं ऋण वसूली अभियान को गति दी जाएगी, ताकि 30 जून तक निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जा सके। साथ ही किसानों से सहकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा समय पर ऋण अदायगी करने की अपील भी की गई।

ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के माध्यम से ऋण वितरण की यह पहल किसानों के लिए राहतकारी साबित हो रही है। किसानों ने भी इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी समिति द्वारा गांव स्तर पर पहुंचकर दी जा रही सेवाओं से उन्हें काफी सुविधा मिल रही है और कृषि कार्यों के लिए समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। सहकारिता के माध्यम से समृद्ध किसान, समृद्ध राजस्थान का संकल्प साकार करने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।