चित्तौड़गढ़, 17 जून 2026। स्मार्ट हलचल।वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष (सार्द्ध चतुःशती) पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज 17 जून को उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में आयोजित होने वाले ‘हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती समारोह’ की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस महाआयोजन में हिस्सा लेने के लिए संपूर्ण चित्तौड़गढ़ विभाग से आज प्रातः काल से ही कार्यकर्ताओं व आमजन का उदयपुर के लिए प्रस्थान शुरू हो चुका है।
आज प्रातः 09:30 बजे से उदयपुर में शुरू होने वाले इस राष्ट्र-चेतना के महासंगम के मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परम पूजनीय सरसंघचालक माननीय श्री मोहनराव भागवत जी होंगे। उनका ओजस्वी पाथेय संपूर्ण समाज में राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और मेवाड़ के गौरवमयी इतिहास की ऊर्जा का संचार करेगा।
3 जिलों और क्षेत्रों से उमड़ा जनसैलाब:
कार्यक्रम के विभाग संयोजक विश्वनाथ ‘पप्सा’ टांक ने बताया कि पूरे चित्तौड़गढ़ विभाग से कुल करीब 4000 की संख्या में लोग इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने उदयपुर पहुंच रहे हैं। संघचालक हेमंत जैन और विभाग कार्यवाह भूरालाल के निर्देशन में वाहनों की रवानगी इस प्रकार तय की गई है:
* चित्तौड़गढ़ जिला: 13 बसों और 150 छोटे वाहनों से करीब 1200 लोग रवाना।
* प्रतापगढ़ जिला: सर्वाधिक उत्साह के साथ 30 बसों और 60 छोटे वाहनों के काफिले से करीब 1600 लोग रवाना।
* निम्बाहेड़ा क्षेत्र: 16 बसों और 90 छोटे वाहनों के जरिए करीब 1200 लोग उदयपुर पहुंच रहे हैं।
काफिले में क्षेत्र के प्रमुख संत, प्रबुद्ध नागरिक, समाज और संगठन के पदाधिकारी शामिल हैं। विभिन्न खंडों और बस्तियों से रवाना हुए सभी वाहनों की सुरक्षा, मार्ग व्यवस्था और समन्वय के लिए कार्यकर्ताओं की टोलियां पूरी सजगता के साथ मार्ग में तैनात हैं।
