मसूदा रोड पर व्यापारी से लूट और अपहरण मामले में पुलिस की बड़ी कामयाबी, चारों आरोपियों की पहचान
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।बिजयनगर थाना क्षेत्र के मसूदा रोड पर व्यापारी रतन गुर्जर के साथ हुई मारपीट, लूट और अपहरण की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में ही पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में प्रयुक्त बिना नंबरी सफेद स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है। इसके साथ ही पीड़ित के लूटे गए आभूषण, कार से दो आरटीओ अप्रूव्ड नंबर प्लेट (RJ 45 CL 6754) और असली आरसी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने वारदात में शामिल चारों शातिर बदमाशों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
चाय पीने के बहाने आए और कर दी वारदात
पुलिस के अनुसार, सुतीखेडा निवासी अशोक कुमार गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दी कि उनके मामी ससुर रतनजी गुर्जर की मसूदा रोड पर 26 मील से आगे एक होटल है। 11 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में चार अज्ञात व्यक्ति आए। उन्होंने होटल पर चाय पी, गुटखा खरीदा और काफी देर तक वहीं बैठकर होटल की रेकी करते रहे।
सुबह करीब 11 बजे मौका पाकर चारों बदमाशों ने रतन गुर्जर को दबोच लिया। उनके साथ मारपीट कर गले से सोने की पानडी और करीब 1 लाख रुपये की नकदी लूट ली। बदमाश इतने पर ही नहीं रुके, वे रतन गुर्जर को जबरन अपनी कार में डालकर अपहरण कर ले गए और बाद में रास्ते में पटककर फरार हो गए। पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
टोल नाकों के फुटेज से खुला राज, बैरियर तोड़कर भागे बदमाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति अनुकृति उजैनिया व वृताधिकारी (मसूदा) शिवराज सिंह के सुपरविजन में बिजयनगर थानाधिकारी करण सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने एनएच 48 सहित रायला और बांदनवाड़ा टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बांदनवाड़ा टोल का बैरियर तोड़कर हाईवे से कच्चे रास्तों के जरिए जयपुर ग्रामीण के फागी थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुरा की तरफ भागे हैं।
मालिक के घर से कार व आभूषण जब्त, आरोपी फरार
मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दबिश देकर बिना नंबरी स्विफ्ट कार को बरामद कर लिया। जांच में यह कार हेमराज रियाड (निवासी भरतपुरा, फागी) की पाई गई। कार की तलाशी लेने पर उसके अंदर से रतन गुर्जर के लूटे गए आभूषण (सोने जैसा मोती व अन्य सामान) और कार की असली नंबर प्लेट व आरसी मिल गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
इन शातिर आरोपियों की तलाश जारी:
पुलिस ने घटना में शामिल चारों आरोपियों की पहचान कर ली है, जो फिलहाल फरार हैं:
हेमराज रियाड (निवासी भरतपुरा, फागी, जयपुर ग्रामीण),हंसराज (निवासी गडा, फागी, जयपुर ग्रामीण),दिनेश (निवासी निमेडा, फागी, जयपुर ग्रामीण),रमेश (निवासी डालनिया, फागी, जयपुर ग्रामीण)
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
इस बड़ी वारदात का त्वरित खुलासा करने में बिजयनगर थानाधिकारी करण सिंह, उप निरीक्षक राजेश तिवाड़ी, सउनि कैलाश चन्द, हैड कांस्टेबल विजेन्द्र, भवानीपाल सिंह, कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार, प्रेमाराम, नीरज के साथ-साथ ब्यावर की साइबर टीम और एमओबी (MOB) टीम की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।
