चित्तौड़गढ़, 16 जून।स्मार्ट हलचल।राजस्थान विधानसभा की जन लेखा समिति इन दिनों जम्मू-कश्मीर, पंजाब एवं हरियाणा के अध्ययन दौरे पर है। दौरे के दौरान समिति विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं एवं उनकी जन लेखा समितियों की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर रही है, ताकि संसदीय व्यवस्थाओं और वित्तीय जवाबदेही से जुड़े विषयों पर अनुभवों का आदान-प्रदान किया जा सके।
इसी क्रम में राजस्थान विधानसभा की जन लेखा समिति के सदस्यों ने पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, बेगूं विधायक सुरेश धाकड़, शार्दूलशहर विधायक गुरवीर सिंह तथा अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल शामिल रहे।
भेंट के दौरान समिति सदस्यों ने विभिन्न संसदीय विषयों, लोकतांत्रिक संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, सुशासन, वित्तीय पारदर्शिता एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही पंजाब विधानसभा की कार्यप्रणाली एवं वहां की जन लेखा समिति के अनुभवों की जानकारी भी प्राप्त की।
समिति सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण से विभिन्न राज्यों की प्रशासनिक एवं संसदीय व्यवस्थाओं को समझने का अवसर मिलता है, जिससे लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलती है।
