महेंद्र कुमार सैनी
स्मार्ट हलचल /नगर फोर्ट ग्राम पंचायत चोरू के ग्रामीणों ने रोडवेज बस सेवा शुरू कराने और सड़क से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
बस नहीं होने से बढ़ी परेशानी
चोरू गांव राष्ट्रीय राजमार्ग 552 के निकट स्थित है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी और आमजन आवागमन करते हैं। ज्ञापन में बताया गया कि गांव में रोडवेज बसों का नियमित संचालन नहीं होने से लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
*अतिक्रमण और गड्ढे बने बाधा*
टोंक-सवाई माधोपुर नेशनल हाईवे 552 से चोरू गांव को जोड़ने वाली लिंक रोड पर मेन स्टैंड के पास गहरे गड्ढे हैं। साथ ही सार्वजनिक सड़क के किनारे लोगों ने चीरे गाड़कर अतिक्रमण कर रखा है। इससे सड़क संकरी हो गई है और बस संचालन में बाधा आ रही है।
ग्राम वासियों ने अपनी मांगों में चोरू गांव से होकर रोडवेज बसों का नियमित संचालन शुरू किया जाए।लिंक रोड के गड्ढे भरवाए जाएं और झीगरा डलवाया जाए। सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को तुरंत हटाकर आवागमन सुगम और सुरक्षित बनाया जाए।
ज्ञापन देने वालों में गणेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं शामिल रहे। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर बस सेवा शुरू करने की मांग का समर्थन किया। ग्रामीणों का कहना है कि जनहित में प्रशासन जल्द सकारात्मक कार्रवाई करे।
