बेकाबू वेन्यू से 46 किलो डोडा-पोस्त और अफीम का दूध जब्त; ब्यावर-राजसमंद पुलिस की बड़ी संयुक्त नाकेबंदी तोड़कर भाग रहे थे तस्कर

अनिल कुमार

ब्यावर/जवाजा।स्मार्ट हलचल।राजस्थान में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत ब्यावर और राजसमंद जिला पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकेबंदी तोड़कर भाग रही एक बिना नंबरी वेन्यू कार का पीछा कर उसमें से 45 किलो 860 ग्राम अवैध डोडा पोस्त और 101 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया है। दुर्घटनाग्रस्त कार से तस्करों के मोबाइल और कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।यह पूरी कार्यवाही ब्यावर पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह (IPS) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां और वृत्त अधिकारी श्री राजेश कसाना (RPS) के सुपरविजन में जवाजा थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

पूरी वारदात: नाकेबंदी तोड़ी तो पुलिस ने पीछे दौड़ाई गाड़ियाँ
जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को जवाजा थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर मय जाब्ता कलात खेड़ा तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के लिए नाकेबंदी कर रहे थे। इसी दौरान सारोठ चौराहे की तरफ से एक सफेद रंग की बिना नंबरी वेन्यू कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और जवाजा बाईपास की तरफ भगा ले गया।

कार को संदिग्ध मानते हुए पुलिस टीम ने तत्काल अपनी गाड़ियाँ उसके पीछे लगा दीं। करीब 1 किलोमीटर तक पुलिस ने तस्करों का पीछा किया। खुद को घिरता देख तस्करों ने जवाजा बाईपास से कार को वापस घुमाया और चिलियाबड़ जाने वाली सर्विस रोड पर अत्यंत तेज गति से दौड़ा दी।

डिवाइडर से टकराई कार, मोबाइल छोड़ भागे तस्कर
सर्विस रोड पर आगे एक तेज मोड़ था। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा और वेन्यू कार सीधे रोड पर बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और गाड़ी वहीं बंद हो गई।

कार के रुकते ही उसमें सवार दो युवा तस्कर (चालक व खलासी) तुरंत उतरकर पास ही स्थित पहाड़ी क्षेत्र और कंटीली झाड़ियों की तरफ भाग गए। पुलिस जाब्ते ने मौके पर मुस्तैदी दिखाते हुए उनका पीछा किया और इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उबड़-खाबड़ रास्तों का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहे। तस्कर अपनी हड़बड़ाहट में अपने मोबाइल फोन और कुछ जरूरी कागजात गाड़ी के अंदर ही छोड़ गए।

15 दिन पहले ही खरीदी थी कार, डिग्गी में छिपा था माल
जब पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त बिना नंबरी वेन्यू कार की तलाशी ली, तो उसकी डिग्गी के अंदर से प्लास्टिक के 3 कट्टे बरामद हुए। इन कट्टों को खोलने पर उनमें कुल 45 किलो 860 ग्राम अवैध डोडा पोस्त और एक प्लास्टिक के डिब्बे में 101 ग्राम अफीम का दूध मिला। बताया जा रहा है कि यह कार महज 15 दिन पहले ही शोरूम से खरीदी गई थी, जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था।

पुलिस ने मादक पदार्थ और कार को जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जवाजा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/15 और 08/18 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संयुक्त टीम को मिली सफलता
इस बड़ी कार्यवाही को ब्यावर और राजसमंद जिले की संयुक्त टीम ने मिलकर सफल बनाया:

राजसमंद टीम: राकेश वर्मा (RPS, वृताधिकारी भीम), सवाई सिंह (थानाधिकारी भीम) मय टीम व साइबर सेल राजसमंद।

ब्यावर (जवाजा) टीम: डॉ. नवल किशोर (थानाधिकारी जवाजा), जगवेन्द्र (सcontentउनि),राजेश कुमार (हैड कांस्टेबल), कांस्टेबल विजय कुमार, राजेश कुमार, सुशील कुमार और रामदयाल।