सुरेश चंद्र मेघवंशी
मांडल । मांडल थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरण गांव निवासी रतन पुत्र रमेश ओड (25) अपनी बाइक से खड़ेश्वरजी मंदिर के पास से होकर बरण की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे रोड रोलर से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत एवं मेल नर्स गिरिराज पायक मौके पर पहुंचे और घायल युवक को प्राथमिक उपचार देते हुए मांडल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। परिजनों और चिकित्साकर्मियों के प्रयासों के बावजूद युवक की हालत लगातार बिगड़ती गई तथा उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। मांडल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। युवक की असमय मृत्यु से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
