हरनावदाशाहजी (बारां)।स्मार्ट हलचल।कस्बे में दो दिन तक पागल कुत्ते ने आतंक मचाए रखा और इस दौरान दो मासूम बच्चों सहित पांच लोगों को काट लिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।घटना के बाद घायलों को हरनावदाशाहजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन यहां की स्थिति चिंताजनक रही। 12 जून से लेकर आज 18 जून तक केंद्र पर एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हो पाए, जिसके चलते मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
मजबूरी में सभी घायलों को झालावाड़ जिले के जावर और अकलेरा जाकर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने पड़े। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. रविन्द्र सिंह जादौन ने बताया कि एक-दो दिन में इंजेक्शन की सप्लाई आने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल निकटवर्ती सेतकोलू राजकीय अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जहां मरीज इलाज ले सकते हैं। इधर, ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने मिलकर पागल कुत्ते को रेस्क्यू कर दिया था, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों की मांग है कि सरकारी अस्पताल में जरूरी दवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
