अंतरराष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव का आगाज, बड़ी संख्या में जुटे योग साधक
कोटा। स्मार्ट हलचल।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में योगा फ्रॉम हार्ट द्वारा आयोजित निशुल्क त्रिदिवसीय योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महावीर नगर-III में भव्य शुभारंभ हुआ। निदेशक मोनिका जैन ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का संदेश प्रसारित करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल (आईएएस) तथा अध्यक्ष द्वितीय आरएसी कोटा के उप कमांडेंट पवन जैन (आरपीएस) थे। विशिष्ट अतिथियों में वैद्य नित्यानंद शर्मा, अमोलक देवी, विमल जैन नांता, सुनील गौतम तथा एन.के. गुप्ता उपस्थित रहे।
योगा फ्रॉम हार्ट के संस्थापक एवं योगाचार्य इंजीनियर मनीष जैन ने कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के अनुरूप योग सत्र का संचालन करते हुए प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक, व्यावहारिक एवं स्वास्थ्यवर्धक पहलुओं की जानकारी दी। योग प्रार्थना से प्रारंभ हुए सत्र में सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, ध्यान एवं विश्राम क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मकता और संतुलन भी स्थापित करता है।
जे.के. जैन, राजेश जैन ‘अरिहंत’, मोनिका जैन एवं ओ.पी. गुप्ता ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस महाअभियान से कोटा की अनेक सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं सेवा संस्थाएं जुड़ रही हैं। सभी संस्थाओं का साझा उद्देश्य “योगमय कोटा–स्वस्थ कोटा” के संकल्प को साकार करते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण करना है।
उन्होंने बताया कि सकल जैन समाज, सकल दिगम्बर जैन समाज समिति, विभिन्न दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप, जैन सोशल ग्रुप, भारत विकास परिषद की विभिन्न शाखाएं, जेसीआई, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, जीटो, इंडियन बिल्डिंग्स कांग्रेस, ग्रीन आर्मी वेलफेयर सोसायटी तथा एक्यूप्रेशर शोध प्रशिक्षण एवं उपचार संस्थान सहित अनेक संगठन इस जन-जागरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
समापन अवसर पर योगाचार्य इंजीनियर मनीष जैन ने नागरिकों से 20 एवं 21 जून को प्रातः 6:30 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित योग सत्रों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ, सक्रिय एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में योगदान देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
