जन कल्याण शिविर में जनता इंतजार करती रही,जिम्मेदार अफसर ढाई घंटे तक रहे नदारद..

सुबह 10 बजे शुरू होना था शिविर, दोपहर 12:30 बजे तक नहीं पहुंचे शिविर प्रभारी ओर जिम्मेदार अधिकारी।

किशन वैष्णव

शाहपुरा@स्मार्ट हलचल।सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित जन कल्याण ग्रामीण सेवा शिविर उस समय सवालों के घेरे में आ गया, जब ग्राम पंचायत ईटमारिया में निर्धारित समय पर जिम्मेदार अधिकारी ही नहीं पहुंचे। सुबह 10 बजे शुरू होने वाले शिविर में दोपहर 12:30 बजे तक भी शिविर प्रभारी सहित बीडीओ और तहसीलदार के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।ग्रामीणों का कहना है कि वे सुबह से ही अपनी समस्याओं और विभिन्न कार्यों के समाधान की उम्मीद लेकर शिविर स्थल पर पहुंच गए थे, लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। इंतजार से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब शिविरों में जिम्मेदार अधिकारी ही समय पर मौजूद नहीं होंगे तो आमजन की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शिविर आयोजित कर रही है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से इनका उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है। शिविर स्थल पर मौजूद लोगों में इस बात को लेकर खासा आक्रोश रहा कि उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी समय पर मौजूद नहीं था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में ऐसे शिविरों में अधिकारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को घंटों इंतजार और परेशानी का सामना न करना पड़े।
कड़क लाइन:
जनता समय पर पहुंची, लेकिन जन कल्याण शिविर में जिम्मेदार अफसरों का कहीं अता-पता नहीं था।