राहुल गांधी ने अल्पसंख्यक जिलाध्यक्षों से किया सीधा संवाद, अन्याय के खिलाफ मजबूती से लड़ने का दिया भरोसा

बूंदी-स्मार्ट हलचल।गुरुवार को इंदिरा गांधी एआईसीसी कार्यालय, नई दिल्ली में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग द्वारा “कांग्रेस अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशभर से पहुंचे अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्षों के साथ सीधे संवाद कर संगठन को मजबूत करने और अन्याय के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी तथा राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष एमडी चौपदार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बूंदी जिले से कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष जावेद जेड़ ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
जावेद जेड़ ने बताया कि राहुल गांधी ने केवल भाषण नहीं दिया, बल्कि प्रत्येक जिला अध्यक्ष से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना। राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि अन्याय, भेदभाव और सरकारी अत्याचार के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस पार्टी मजबूती से कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह संदेश सभी कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा, उत्साह और हौसले का स्रोत बना है। कार्यक्रम के दौरान जावेद जेड़ ने बूंदी और कोटा जिले से संबंधित संगठनात्मक गतिविधियों एवं स्थानीय मुद्दों का फीडबैक भी पार्टी नेतृत्व को दिया।
कार्यक्रम में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, अल्पसंख्यक समाज की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।