एमजी अस्पताल में सुरक्षा की खुली पोल: इमरजेंसी के बाहर सरेआम गुंडागर्दी, होमगार्ड कर्मियों के सामने युवक पर लात-घूंसों की बरसात, रक्षक बने रहे मूकदर्शक

जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर युवक पर हमला, होमगार्ड कर्मियों की मौजूदगी में तीन युवकों ने की मारपीट

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। शहर के सबसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले महात्मा गांधी जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर शुक्रवार शाम कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ती नजर आईं। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के लिए तैनात होमगार्ड कर्मियों की मौजूदगी में तीन युवकों ने एक युवक पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना के दौरान सुरक्षाकर्मी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन हमलावरों को रोकने के लिए कोई प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया।

सूचना मिलने पर भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमला करने वाले तीनों युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान आजाद नगर निवासी विवेक शर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना की शुरुआत अस्पताल के बाहर हुए एक सड़क हादसे से हुई। विवेक शर्मा अपनी कार से जा रहे थे, तभी एक बाइक उनकी कार से टकरा गई। बाइक पर एक युवक अपने परिवार के साथ सवार था, जो हादसे में सड़क पर गिर गए।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद विवेक शर्मा मौके से भागने के बजाय बाइक सवार परिवार का हालचाल जानने और उनकी मदद के उद्देश्य से महात्मा गांधी जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचे। इसी दौरान बाइक सवार युवक और उसके साथ आए लोगों ने विवाद करते हुए विवेक पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते तीन युवकों ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि मारपीट अस्पताल परिसर में हुई, जहां सुरक्षा के लिए होमगार्ड कर्मी तैनात थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर काफी देर तक युवक के साथ मारपीट करते रहे, जबकि सुरक्षाकर्मी मौके पर मौजूद होने के बावजूद उन्हें रोकने में प्रभावी भूमिका निभाते नजर नहीं आए।

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं, वहां खुलेआम हुई मारपीट ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।

फिलहाल भीमगंज थाना पुलिस गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।