कस्बाथाना थाने में मुकदमा दर्ज
सी पी गोयल
बारां, 19 जून।स्मार्ट हलचल।जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशों की पालना में कृषि विभाग की टीम ने शाहबाद क्षेत्र में खाद विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, जिसमें बड़ी मात्रा में खाद का अवैध भंडारण पकड़ा गया है।
देवरी में अवैध स्टॉक पकड़ा गया
उपखण्ड अधिकारी शाहबाद सुनील झिंगोनिया, तहसीलदार शाहबाद अनीता के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने 18 जून को देवरी क्षेत्र में उर्वरक विक्रेताओं के परिसर का निरीक्षण किया था। इसके बाद 19 जून 2026 को पुनः संयुक्त निदेशक कृषि राजेश विजय, कृषि अधिकारी धनराज मीणा व टीम ने मै. जय माता दी फर्टीलाइजर देवरी के विक्रय परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विक्रेता देवेश मेहता द्वारा लगभग 480 बैग डीएपी और 45 बैग सिंगल सुपर फॉस्फेट का अवैध भण्डारण किया जाना पाया गया। उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन कर स्टॉक छिपाकर रखा गया था।
कस्वाथाना थाने में केस दर्ज
अवैध भण्डारण पर कृषि विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विक्रेता फर्म के विरुद्ध पुलिस थाना कस्बाथाना में उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 की धारा 12 व आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रबी सीजन में किसानों को खाद की कालाबाजारी और अवैध भण्डारण करने वालों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। किसानों को समय पर उचित दाम पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
–00–
