दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।सावर कस्बे में गुरुवार देर रात एक बेकाबू ट्रक नगरपालिका क्षेत्र में सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में डिवाइडर पर लगी करीब 30 फीट लंबी सुरक्षा रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सावर के मुख्य द्वार के सामने हुई। शुक्रवार सुबह सावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों तथा सामने से आ रहे एक अन्य भारी वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक संतुलन खो बैठा, जिसके चलते ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया और सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए रुक गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय की दीवार से सटकर तथा मुख्य द्वार के सामने होने वाली अस्थाई वाहन पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो जाती है। इससे विशेष रूप से भारी वाहनों के आवागमन के दौरान साइड देने में कठिनाई होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों एवं राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय के सामने अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण किया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
