ग्रामीण सेवा शिविर में मिली राहत, मौके पर ही हुए कई कार्यों का निस्तारण

लाखेरी – स्मार्ट हलचल।लाखेरी उपखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुहाटा, तहसील इंद्रगढ़ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही कई आवेदनों एवं समस्याओं का निस्तारण किया गया। महिला अधिकारिता एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लाडो प्रोत्साहन योजना, काली बाई भील महिला संबल योजना, पन्ना धाय सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह एवं अनुदान योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, शिक्षा सेतु योजना, पूरक पोषाहार, टीकाकरण एवं पूर्व प्राथमिक शिक्षा संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के आवेदन ऑनलाइन किए गए। शिविर में आधार कार्ड संशोधन के तीन आवेदन भी स्वीकृत किए गए।
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए रियायती दर पर यात्रा कार्ड बनाए। कृषि विभाग ने पाइपलाइन योजना के दो तथा तारबंदी योजना के दो आवेदन ऑनलाइन किए।
विद्युत विभाग (जेवीवीएनएल) ने ग्राम गुहाटा के दो खराब मीटर बदलकर नए मीटर लगाए तथा गुहाटा और कोटा खुर्द में ढीले बिजली तारों को तत्काल ठीक करवाया। जलदाय विभाग ने दोनों गांवों के सात खराब हैंडपंपों की मरम्मत करवाई, साथ ही क्लोरीन एवं नाइट्रेट जांच करवाई और कोटा खुर्द में पाइपलाइन लीकेज को भी दुरुस्त किया।
पशुपालन विभाग ने पशुओं का टीकाकरण किया। आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. अमरेश मीणा ने 50 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा 30 मरीजों को निःशुल्क औषधियां वितरित कीं। चिकित्सा विभाग ने 35 लोगों के ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच की, जिनमें सात लोगों का रक्तचाप असामान्य पाया गया। वहीं आयुष्मान योजना के तहत नौ पात्र व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
राजीविका विभाग ने दो स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खुलवाए, दो समूहों के लिए नए ऋण स्वीकृत किए तथा दो समूहों को 75-75 हजार रुपए का अनुदान स्वीकृत किया। ग्राम पंचायत क्षेत्र की 174 महिलाओं को लखपति दीदी के रूप में चिन्हित कर स्वरोजगार एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
राजस्व विभाग ने 22 नामांतरण दर्ज किए तथा 13 काश्तकार परिवारों की कृषि भूमि का सीमा ज्ञान कराया। नाम दुरुस्ती के तीन प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर आदेश जारी किए गए। ग्रामीणों की शिकायत पर ग्राम लबान से बगली जाने वाले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर आवागमन सुचारू कराया गया।
शिविर के दौरान सरपंच सुनील मीणा ने आठ आवासीय पट्टे जारी किए तथा दो पट्टों का नवीनीकरण किया। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत चार नए शौचालय निर्माण आवेदन भी प्राप्त किए गए।
शिविर में उपखंड अधिकारी लाखेरी सुरेंद्र सिंह चौधरी, पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, नायब तहसीलदार जगदीश प्रसाद शर्मा, सरपंच सुनील मीणा, पटवारी ज्ञानचंद जांगिड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।