हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। हमीरगढ़-चित्तौड़गढ़ मुख्य मार्ग पर रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव की समस्या प्रमुखता से सामने आने के बाद प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया। जानकारी के अनुसार हमीरगढ़ उपखंड प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे के सहायक मंडल अभियंता (एडीईएन) भीलवाड़ा से संपर्क किया। प्रशासन की पहल पर रेलवे विभाग द्वारा अंडरब्रिज से पानी की निकासी की व्यवस्था शुरू कर दी गई, जिससे मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास किए गए। गौरतलब है कि अंडरब्रिज में पानी भर जाने से आमजन, औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि हर बारिश में उत्पन्न होने वाली इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
