मोड़ का निंबाहेड़ा (सुरेश चन्द्र मेघवंशी)।
रायला क्षेत्र के गांगलास गांव स्थित श्री चारभुजा-नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के सफल चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय मेला एवं कथा महोत्सव शनिवार को शुरू हो गया। इस अवसर पर सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत समापन हुआ तथा विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।
आयोजकों ने बताया कि समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से 20 एवं 21 जून 2026 को आयोजित इस धार्मिक महोत्सव को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। महोत्सव की शुरुआत 14 जून से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के साथ हुई थी, जिसका शनिवार को समापन हुआ।
कथा वाचक दिनेश कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को भागवत कथा का महत्व बताते हुए कहा कि भागवत श्रवण से व्यक्ति का जीवन सफल एवं कल्याणकारी बनता है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ प्राप्त किया।
शनिवार को अरिहंत हॉस्पिटल के ब्लड बैंक की टीम पहुंची राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गांगलास में विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। जिसमें 100 नेत्र मरीजों की आंखों की जांच की गई, वह 15 से अधिक मरीजों के आंखों के ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। सुबह से ही रक्तदान के लिए युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शाम तक चले शिविर में 101 युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
महोत्सव के तहत रविवार को भव्य शोभायात्रा, महाप्रसादी एवं मेले का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम को प्रसिद्ध भजन गायक राजू रावल एवं विनोद सिखवाल की भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम में आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म एवं सेवा के इस महोत्सव को सफल बनाया।
