मोड़ का निंबाहेड़ा
शम्भूगढ़ थाना क्षेत्र के कालियास गांव में बुधवार-गुरुवार मध्यरात्रि एक सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात बदमाश ने घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और सो रहे 7 माह के मासूम बच्चे को उठाकर ले जाने का प्रयास किया। परिजनों के जाग जाने और शोर मचाने पर आरोपी बच्चे को घर के आंगन में फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कालियास निवासी जवाहर लाल पुत्र हजारी लाल तेली ने शम्भूगढ़ थाने में शिकायत देकर बताया कि घटना के समय वह अपनी पत्नी और 7 माह के पुत्र पियूष के साथ कमरे में सो रहे थे। मकान का मुख्य गेट बंद था, जबकि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति दीवार कूदकर घर में घुस आया और मासूम पियूष को उठाकर बाहर ले जाने लगा।
बच्चे को उठाते देख मां की नींद खुल गई और उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जवाहर लाल भी जाग गए और आरोपी का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाश बच्चे को घर के आंगन में छोड़कर भाग निकला। अंधेरा अधिक होने के कारण आरोपी की पहचान नहीं हो सकी।
घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
घर में घुसकर मासूम को उठाने की इस घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई लेकिन अंधेरा अधिक होने से युवक की पहचान नहीं हो पाई।
अज्ञात युवक की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई , वही ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया
