उदयपुर 20 जून
स्मार्ट हलचल।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में उदयपुर के निकटस्थ थुर गांव के उभरते युवा योग प्रशिक्षक शुभम पुर्बिया एवं योग प्रशिक्षणार्थी छोटे छोटे बच्चो ने जून महीने की इस गर्मी में अग्नि के बीच योग कर ‘योगा बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड’ में अपना नाम दर्ज कराया है।योग प्रशिक्षक की देखरेख में मोविस सुथार, विहान पटेल, खुशी डांगी, हिमाक्ष डांगी, भावेश वैष्णव, यश डांगी ने इस रिकार्ड में भाग लेकर एक ऐसा हैरतअंगेज और अनूठा कारनामा कर दिखाया है, जिसे देख हर कोई दंग रह गया।
शुभम ने बताया कि नौतपा के दौरान अग्नि चक्र के बीच योग करना बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन लक्ष्य सिर्फ ‘योग’ का मान बढ़ाना था। यह रिकॉर्ड युवा पीढ़ी को योग और स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करने में एक मील का पत्थर साबित होगा।
शुभम और योग प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी मानसिक और शारीरिक दृढ़ता का लोहा मनवाया, उन्होंने मैदान पर एक ‘अग्नि की रिंग’ (अग्नि चक्र) बनाई और ‘उपले’ कण्डे जलाकर कर आधे घंटे से भी अधिक समय तक सूर्य नमस्कार, ताडासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित कई कठिन योगासनों का प्रदर्शन कर ‘योग बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड’ में अपना दर्ज करवा कर, इस अभूतपूर्व उपलब्धि से न केवल उदयपुर, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरव से ऊंचा हुआ है।
शुभम पुर्बिया ने बताया कि ‘योग’ हमे सिखाता है कि शरीर गर्म हो सकता है पर मन ठंडा रहना चाहिये। यह रिकार्ड किसी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि योग की शक्ति, कड़े अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का जीवंत उदाहरण है, शुभम ने बताया कि शरीर को शांत रखना सिर्फ योग और प्राणायाम के निरंतर अभ्यास से ही संभव है।उल्लेखनीय है कि शुभम पुर्बिया योग के क्षेत्र में पहले भी दो वर्ल्ड रिकार्ड अपने नाम करवा चुके है एवं योग के क्षेत्र में नवाचार करते रहते हैं।
