महेन्द्र नागौरी
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर स्थित बार पुस्तकालय में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
योग प्रशिक्षक दीपांशु सोलंकी ने आयुष मंत्रालय के निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पॉक्सो न्यायाधीश रेखा वधावा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार काला, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्या, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देवांगिनी औदीच्या सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
योग सत्र के दौरान सभी प्रतिभागियों ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायिक परिवार में स्वास्थ्य, अनुशासन और मानसिक संतुलन के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
