योग को जीवन का हिस्सा बनाएं, स्वस्थ समाज का होगा निर्माण: विधायक गोपीचंद मीणा

राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी।
स्मार्ट हलचल।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह कोटड़ी उपखण्ड मुख्यालय स्थित श्री चारभुजानाथ मंदिर परिसर के विशाल डोम में ब्लॉक स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपखण्ड प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग, ब्लॉक कोटड़ी के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जहाजपुर-कोटड़ी विधायक गोपीचंद मीणा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है जिसे आज संपूर्ण विश्व अपनाकर लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योग से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्राप्त होती है।
योग दिवस की इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अनुरूप उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा निरंतर योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया। भाजपा मण्डल अध्यक्ष प्रहलाद सेन ने योग को अपने जीवन का अंग बनाते हुए दैनिक जीवन क्रिया में प्रतिदिन योग करने पर जोर दिया। वही ब्लॉक आयुर्वेद अधिकारी डॉ. मुकेश वैष्णव के निर्देशन में अनुभवी योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्यवर्धक महत्व की जानकारी देते हुए सभी को नियमित योग करने का संदेश दिया। विशाल डोम में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन की उल्लेखनीय सहभागिता रही। सामूहिक योगाभ्यास से पूरा वातावरण योगमय हो उठा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इस अवसर पर निवर्तमान प्रधान करण सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन, पूर्व प्रधान जमनालाल डीडवानिया, थाना प्रभारी महावीर मीणा, तहसीलदार श्रीलाल मीणा, विकास अधिकारी लोकेश टांक, श्रीचारभुजानाथ मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष सुदर्शन गाडोदिया, धर्मचंद जीनगर, प्रशासनिक अधिकारी पारस गोधा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।