भीलवाड़ा। शहर के सुभाषनगर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर आमजन में भारी आक्रोश एवं परेशानी का माहौल है। सुभाषनगर वार्ड नंबर 64 मलान क्षेत्र में चारभुजानाथ मंदिर के आसपास की सड़क, टेम्पू स्टैंड के पास विवेकानंद पार्क के पीछे वाली सड़क तथा छोटी पुलिया के सामने ए-सेक्टर की सड़कें पूरी तरह से जर्जर अवस्था में हैं। इन सड़कों के अत्यधिक क्षतिग्रस्त होने के कारण आमजन को पैदल चलने एवं वाहनों के आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह गड्ढों के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके साथ ही बीमार व्यक्तियों को अस्पताल ले जाने में भी टूटी सड़कों के कारण भारी परेशानी हो रही है। आमजन की इस गंभीर समस्या को देखते हुए आम आदमी पार्टी के नेता हेमेन्द्र सिंह मेहता एवं धमेन्द्र शर्मा ने विधायक एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि सुभाषनगर चारभुजानाथ मंदिर के आसपास की सड़क, विवेकानंद पार्क के पीछे वाली सड़क तथा छोटी पुलिया के सामने ए-सेक्टर की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
