अवैध बजरी परिवहन पर पुलिस का बड़ा शिकंजा बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलीजब्त,चालक पुलिस को चकमा देकर फरार

सूरज वर्मा

फूलियाकलां (भीलवाड़ा), स्मार्ट हलचल।21 जून को जिले में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलियाकलां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फूलियाकलां थाना पुलिस को क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नंदा मोटर से माली खेड़ा गांव के बीच मार्ग पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में बजरी का परिवहन करते हुए दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से भाग निकला।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में वाहन में अवैध रूप से बजरी का परिवहन किया जाना पाया गया। जब्त वाहन को थाने लाया गया है तथा उसके स्वामित्व एवं चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
फूलियाकलां थाना अधिकारी राजकुमार नायक ने बताया कि अवैध खनन और बजरी परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त
क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बजरी खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई कर ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन एवं परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।