देशभक्ति के रंग में रंगा गेणोली गांव: ट्रेनिंग पूरी कर लौटे अग्निवीर जवान दिनेश माली का पलक-पावड़े बिछाकर भव्य स्वागत

मांडलगढ़ | गौरवमयी पल | अग्निवीर जवान का स्वागत

देशभक्ति के रंग में रंगा गेणोली गांव: ट्रेनिंग पूरी कर लौटे अग्निवीर जवान दिनेश माली का पलक-पावड़े बिछाकर भव्य स्वागत

मांडलगढ़ चौराहे पर भारत माता के जयकारों से गूंजा आसमान; किसान पुत्र की कामयाबी पर पूरे गांव में निकाला विजय जुलूस, पुष्पवर्षा कर जताया गौरव
विशेष ग्राउंड रिपोर्ट: महावीर सेन (मांडलगढ़)

मांडलगढ़, 22 जून 2026। मांडलगढ़ क्षेत्र के पैतृक गांव गेणोली में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होने के बाद अपना कड़ा सैन्य प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार घर लौटे जवान दिनेश माली का ग्रामीणों ने उत्साह एवं गौरव के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया। देश सेवा के लिए सेना में शामिल हुए युवा सैनिक के सम्मान में पूरे गांव में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जवान का भव्य अभिवादन किया गया।

किसान के बेटे ने बढ़ाया क्षेत्र का मान:

गेणोली निवासी किसानपुत्र कालूलाल माली के बेटे दिनेश माली जैसे ही मांडलगढ़ चौराहे पर पहुंचे, तो ग्रामीणों ने भारत माता के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद गांव की गलियों में ढोल-नगाड़े व डीजे पर जुलूस निकाला गया। ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाईं और साफ़ा बांधकर सैनिक का मान बढ़ाया। ग्रामीणों का कहना है कि दिनेश की यह कामयाबी क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में जाने के लिए प्रेरित करेगी।

समारोह में बुजुर्गों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग:
समारोह में युवाओं से लेकर बड़े-बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जवान के उज्ज्वल व सुरक्षित भविष्य की मंगलकामना की। इस भव्य अभिनंदन कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता किशन माली, दुर्गा माली, भूरालाल माली, देव माली, गणपत माली, नाथू माली, लादू माली, जगदीश माली सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्ध ग्रामवासी और युवा उपस्थित रहे।