गंगापुर (भीलवाड़ा)। स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत खाँखला में सरपंच रतन लाल स्वर्णकार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों ने ग्रामीणों को आक्रोशित कर दिया है। सोमवार को लगभग 100 जागरूक नागरिकों ने उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय पर ज्ञापन सौंपते हुए फर्जी पुश्तैनी पट्टों को निरस्त करने और दोषी सरपंच को निलंबित करने की मांग की।
आरोपों की गंभीरता
- सरपंच ने अपने परिवारजनों के नाम पर 15 फर्जी पुश्तैनी पट्टे मात्र ₹200 प्रति पट्टा की दर से जारी किए।
- विवादित भूमि पूरी तरह से सरकारी आबादी भूमि है, जिस पर कोई पुश्तैनी मकान नहीं है।
- सरपंच की पुत्रवधू के नाम पर तीन-तीन पट्टे जारी किए गए हैं।
- ऑडिट विभाग को 2015 से अब तक पट्टों का कोई रिकॉर्ड नहीं दिया गया।
ग्रामीणों की मांगें
- सभी 15 फर्जी पुश्तैनी पट्टों को तत्काल निरस्त किया जाए।
- जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषी सरपंच को निलंबित किया जाए।
- सरपंच और संबंधित अधिकारियों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए।
- सरकार को हुए वित्तीय नुकसान की भरपाई सरपंच की निजी संपत्ति कुर्क कर की जाए।
भूख हड़ताल की घोषणा
ज्ञापन सौंपने के बाद ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो रतनलाल जाट सहित 5 से 7 प्रमुख नागरिक SDM कार्यालय परिसर के बाहर दो दिवसीय/अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी अनहोनी की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
