देवस्थान की दीवार पर नगर निगम ने लगाए लाल निशानों का विरोध तेज, केलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर कार्यवाही रोकने की मांग

भीलवाड़ा, 22 जून। कोली समाज झलकारी महिला मंडल एवं बडलेश्वर महादेव महिला मंडल की महिलाओं ने बडलेश्वर महादेव मंदिर परिसर की दीवार पर नगर निगम द्वारा लगाए गए लाल निशानों के विरोध में जिला कलेक्टर भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की। ज्ञापन में महिलाओं ने कहा कि उक्त स्थल केवल एक भवन नहीं बल्कि समाज की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं तथा समय-समय पर धार्मिक अनुष्ठान एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि मंदिर परिसर एवं ट्रस्ट की भूमि पर प्रस्तावित कार्रवाई नहीं रोकी गई तो कोली समाज द्वारा व्यापक स्तर पर धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में पार्वती देवी, अंतिमा देवी, इंद्रा देवी, मंजू देवी, शांति देवी, प्रेम देवी, बाली देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। महिलाओं ने प्रशासन से धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए किसी भी प्रकार की कार्रवाई को तत्काल निरस्त करने तथा मामले का न्यायोचित समाधान करने की मांग की।