बानसूर। स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के ईशरा का बास गांव में निजी सोलर प्लांट लगाए जाने के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में किसानों ने उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्लांट का कार्य बंद कराने की मांग की। ज्ञापन एसडीएम कार्यालय के सहायक अधिकारी राजेश जोशी को सौंपा गया। किसानों का आरोप है कि सोलर प्लांट बिना उनकी सहमति के लगाया जा रहा है तथा लाइन बिछाने से प्रभावित हो रही कृषि भूमि के बदले कोई मुआवजा नहीं दिया जा रहा। किसानों ने बताया कि प्लांट शुरू होने के बाद फीडर को दिन में बिजली मिलेगी, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित होंगे और कम वोल्टेज से उपकरण खराब होने का खतरा रहेगा। किसान नेता राकेश दायमा ने प्रशासन और बिजली विभाग पर किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। किसानों ने सोलर प्लांट का कार्य तत्काल रोकने और फीडर से इसकी कनेक्टिविटी हटाने की मांग की।
