शाहपुरा की सड़कें बनीं हादसों का कारण, कांग्रेस ने दी आंदोलन और मरम्मत की चेतावनी

सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल।शाहपुरा शहर की मुख्य सड़कों की बदहाल स्थिति आमजन के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उखड़ी हुई डामर सड़क के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों द्वारा बनाए गए वीडियो में सड़कों की जर्जर हालत स्पष्ट दिखाई दे रही है, जिससे नगर की आधारभूत सुविधाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष रमेश सेन ने शहर की सड़कों की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शाहपुरा की अधिकांश मुख्य सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन और सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों, जैसे सड़क मरम्मत और पट्टा वितरण, की अनदेखी की जा रही है, जबकि विभिन्न शिविरों में केवल औपचारिकताएं पूरी कर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष रचना मिश्रा एवं सुनील मिश्रा ने भी सड़क समस्या को लेकर प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और यदि समय रहते सड़कों की मरम्मत नहीं करवाई गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता स्वयं आगे आकर छोटे-बड़े गड्ढों की मरम्मत करवाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की जान जोखिम में डालने वाली लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना हजारों वाहन इन सड़कों से गुजरते हैं। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक विशेष रूप से दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई स्थानों पर सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के दौरान संभावित हादसों को रोकने के लिए सड़कों की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।