दुकानों पर कचरा पात्र अनिवार्य, नियम तोड़ने पर 1000 रुपये जुर्माना तय-अतिक्रमण व केबिन हटाने की चेतावनी
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल।आगामी मानसून को देखते हुए ग्राम पंचायत अलीगढ़ प्रशासन द्वारा कस्बा अलीगढ़ में बस स्टैंड के पीछे एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए मानसून पूर्व नालों की व्यापक सफाई कार्य शुरू कराया गया है।इसका उद्देश्य बारिश के दौरान होने वाले जलभराव, गंदगी और आवागमन की परेशानी से आमजन को राहत दिलाना है।
ग्राम पंचायत अलीगढ़ प्रशासन ने मुख्य बाजार के व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी-अपनी दुकानों पर कचरा पात्र अनिवार्य रूप से रखें। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई दुकानदार कार्टून के गत्ते, कागज की पन्नियां, पॉलीथीन, अखबार व अन्य कचरा सड़कों पर फेंक देते हैं, जिससे कचरा नालियों में जमा होकर गंदगी और जलभराव की स्थिति पैदा करता है। पंचायत प्रशासन द्वारा माइक से अनाउंसमेंट कर सभी दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि स्वच्छता समिति द्वारा शीघ्र ही दुबारा से कस्बे की दुकानों व बाजार का सघन निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण में दुकान पर कचरा पात्र नहीं मिलने पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही जिन दुकानदारों ने दुकानों के आगे तख्ते, पट्टियां या अन्य सामान रखकर नालियों को ढक रखा है, उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सफाईकर्मियों को नालियों की सफाई में किसी प्रकार की बाधा न हो। साथ ही अलीगढ़ ग्राम पंचायत प्रशासन ने अतिक्रमण नहीं करने, पॉलीथीन का उपयोग बंद करने और बाजार को स्वच्छ व अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की है। इसके अलावा अलीगढ़ कस्बे के लाल चौक पर नाले के ऊपर रखी गई केबिनों को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने बताया कि बरसात से पहले मुख्य नाले की सफाई करवाई जाएगी, इसलिए तत्काल प्रभाव से नालों व नालियों के ऊपर रखी सभी केबिनों को हटाकर फिलहाल नीचे उतार लिया जाए। अन्यथा प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर केबिन व दुकानें हटाकर सफाई करवाई जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदारों की होगी।ग्राम पंचायत ने स्पष्ट किया कि यह अभियान जनहित में है और स्वच्छ, सुरक्षित एवं जलभराव मुक्त अलीगढ़ के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
