नीरज मीणा
महुवा।स्मार्ट हलचल/ राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर–2026 अभियान के तहत नगर पालिका महुवा में आयोजित शिविर में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए विभिन्न योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने पर नगर पालिका महुवा में विशेष जोर दिया जा रहा है।
नगर पालिका कार्यालय परिसर महुवा में आयोजित शिविर में वार्ड संख्या 1 से 35 तक के नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में लीज राशि में छूट, धारा 69-के के प्रकरण, कृषि भूमि नियमन, लघु अवधि लीज एवं किराये पर दी गई संपत्तियों के फ्रीहोल्ड पट्टों सहित अन्य योजनाओं से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया।
प्रेस नोट के अनुसार कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं के अंतर्गत पट्टों के कुल 94 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 39 आवेदनों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं जन्म प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 38 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण करते हुए नागरिकों को राहत प्रदान की गई।
शिविर में फायर एनओसी से संबंधित 6 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट संबंधी 18 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया गया।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत भी लाभार्थियों को राहत मिली। योजना के अंतर्गत बैंकों द्वारा स्वीकृत 7 आवेदनों का निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी राजेश मीना ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप महुवा नगर पालिका द्वारा शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को घर के नजदीक ही विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों के जरिए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाया जा रहा है। शिविर के प्रति नागरिकों में उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
