तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी (बारां)।स्मार्ट हलचल।कस्बे के मनोहरथाना रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार अर्जुनपुरा थाना जावर, जिला झालावाड़ निवासी राकेश पुत्र दानमल मीणा 19 जून को सुबह करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच मोटरसाइकिल (RJ 17 GS 0932) से हरनावदाशाहजी से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान मनोहरथाना रोड स्थित धर्मकांटा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा राकेश को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरनावदाशाहजी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कोटा रेफर कर दिया गया।
घटना के संबंध में पीड़ित के परिजन विनोद कुमार की रिपोर्ट पर हरनावदाशाहजी थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल को सौंपी गई है तथा आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।