ऑपरेशन वज्र प्रहार: ब्यावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 47.50 लाख की अवैध अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, ट्रक जब्त

अनिल कुमार

बिजयनगर/ब्यावर।स्मार्ट हलचल।राजस्थान में नशे के सौदागरों और अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ के तहत ब्यावर जिले की विजयनगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 48 (NH-48) पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से करीब 9.500 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 47.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक अंतरजिला तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया है।

श्रीनाथ होटल के सामने घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई विशेष और विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर आज तड़के अंजाम दी गई। पुलिस महानिदेशक राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा और अजमेर रेंज आईजी श्री राजेंद्र सिंह के निर्देशानुसार, ब्यावर एसपी रतन सिंह के नेतृत्व में विजयनगर थानाधिकारी करण सिंह खंगारोत और पुलिस जाब्ते ने एनएच-48 पर श्रीनाथ होटल के सामने प्रभावी नाकाबंदी की थी।

इसी दौरान चित्तौड़गढ़ की तरफ से आ रहे एक ट्रक (नंबर RJ 31GA8852) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देखकर ट्रक चालक घबरा गया और वाहन छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

टूल बॉक्स में छुपाया था ‘काला सोना’
पूछताछ में चालक ने अपना नाम मेघराज नायक (38) निवासी जिला श्रीगंगानगर बताया। नियमानुसार जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो ट्रॉली के दाहिने हिस्से में बने टूल बॉक्स के अंदर छुपाकर रखा गया अवैध अफीम का दूध बरामद हुआ। वजन करने पर अफीम का कुल वजन 9.500 किलोग्राम पाया गया। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वह यह खेप चित्तौड़गढ़ जिले से लेकर आया था और इसे श्रीगंगानगर सप्लाई करने जा रहा था।

मसूदा थानाधिकारी को सौंपी जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृताधिकारी मसूदा शिवराज सिंह के सुपरविजन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस पूरे नेक्सस (तस्करी नेटवर्क) का पर्दाफाश करने के लिए मामले का आगे का अनुसंधान मसूदा थानाधिकारी रणजीत सिंह को सौंपा गया है।

सराहनीय भूमिका: इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी करण सिंह खंगारोत के साथ हेड कांस्टेबल गोपी राम, भवानीपाल, कांस्टेबल मोहित सिंह, नीरज शर्मा और विजय सिंह की मुख्य भूमिका रही। एसपी ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।