(पंकज पोरवाल)
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल।माहेश्वरी समाज के आराध्य देव भगवान महेश (भगवान शिव) की जयंती महेश नवमी के पावन अवसर पर मंगलवार को भीलवाड़ा शहर धर्म, आस्था और उत्साह के रंगों में रंग गया। माहेश्वरी समाज द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को शिवमय बना दिया। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता, भगवान महेश की आकर्षक झांकी, बैंड-बाजों की मधुर धुनों, ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयघोषों के बीच निकली इस शोभायात्रा ने नगरवासियों का मन मोह लिया। संयोजक अतुल राठी, नगर अध्यक्ष केदार जागेटिया एवं कार्यवाहक अध्यक्ष केदार गगरानी बताया की शाम 4.30 बजे प्रारंभ हुई शोभायात्रा में समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं बालक-बालिकाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु भगवान शिव के भजनों और जयकारों के साथ पूरे मार्ग में भक्ति का वातावरण निर्मित करते रहे। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान महेश की सुसज्जित एवं मनोहारी झांकी रही, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के प्रमुख मार्गों को भगवा पताकाओं, रंगीन रोशनी और आकर्षक सजावट से विशेष रूप से सजाया गया था। यात्रा मार्ग पर स्थापित लगभग 90 स्वागत द्वारों ने आयोजन की भव्यता को और अधिक बढ़ा दिया। महेश नवमी के अवसर पर शहर में मुख्य चौराहे सजाए गए। जिसमें लाइटे, रंगीन चुन्नियां, जय महेश के मल्टी कलर नारे के बोर्ड लगाये गए। जो आकर्षण का केंद्र लग रहे थे। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। मिडिया प्रभारी पंकज पोरवाल ने बताया की शोभा यात्रा में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के पूर्व सभापति रामपाल सोनी, प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचानी, कैलाश कोठारी, रामगोपाल सोमानी राजसमंद, अशोक बाहेती, रमेश राठी सहित सभी पदाधिकारी समाजजन आगे आगे चल रहे थे। उसके बाद महिला प्रदाधिकारी सीमा कोगटा, भारती बाहेती, निशा काकानी, वीणा मोदी, विनिता तोषनीवाल के साथ ही शोभायात्रा में कई महिला शक्ति ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भगवान महेश का किया अभिषेक
नगर सचिव सुरेश बिरला, सह संयोजक केजी राठी एवं अर्चित मून्द्रडा ने बताया की महेश नवमी पर्व पर प्रातःकाल से ही शहर में धार्मिक कार्यक्रमों का दौर प्रारंभ हो गया था। जिला एवं नगर माहेश्वरी युवा संगठन के तत्वावधान में शहर के 15 विभिन्न स्थानों पर भगवान महेश के सामूहिक अभिषेक एवं महाआरती का आयोजन किया गया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भगवान शिव के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। महेश नवमी महोत्सव ने न केवल माहेश्वरी समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव को प्रदर्शित किया, बल्कि समाज सेवा, आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक आस्था का भी सशक्त संदेश दिया। युवा संगठन मंत्री सीए अंकित लखोटिया ने बताया कि मुख्य प्रभारी सुनीत जागेटिया व पुर्व पार्षद केदार जागेटिया के सानिध्य मे मुख्य अभिषेक बालाजी मार्केट स्थित श्री बालाजी मंदिर किया गया। उसके साथ ही पुर के डूंगरी के बालाजी, पुराना शहर पंचमुखी महादेव, संजय कॉलोनी, बापूनगर, आजादनगर, शास्त्रीनगर, भोपालगंज, सुभाषनगर, तिलकनगर तथा अन्य प्रमुख मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान महेश का पूजन-अर्चन कर समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे दिन चले धार्मिक आयोजनों और शाम की भव्य शोभायात्रा ने भीलवाड़ा को उत्सवमय बना दिया।
महिला बैंड रहा विशेष आकर्षण का केंद्र, महिलाओं ने संभाली सुर और ताल की कमान,
महेश पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में इस वर्ष 20 महिला सदस्यों का महिला बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। एक ड्रेस एक वेशभूषा में महिला बैंड अलग ही धुन बजाकर चल रहा था। पारंपरिक एवं धार्मिक धुनों पर महिलाओं द्वारा प्रस्तुत बैंड वादन ने न केवल शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई, बल्कि उपस्थित श्रद्धालुओं और नगरवासियों का मन भी मोह लिया। शोभायात्रा के दौरान महिला बैंड की सदस्याएं एक समान परिधान में सुसज्जित होकर पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ धार्मिक और देशभक्ति की मधुर धुनें प्रस्तुत कर रही थीं। ढोल, ताशे, ट्रम्पेट एवं अन्य वाद्य यंत्रों की ताल पर महिलाओं की शानदार प्रस्तुति को देखने के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई इस अनूठी पहल की सराहना करता नजर आया। भगवान महेश की आकर्षक झांकी, बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों, ढोल-नगाड़ों की गूंज और “जय महेश” के उद्घोषों के बीच आगे बढ़ रही शोभायात्रा में महिला बैंड ने नई ऊर्जा का संचार किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर महिला बैंड का स्वागत किया तथा उनके उत्साहवर्धन के लिए तालियां बजाईं। समाज के वरिष्ठजनों ने बताया कि महिला बैंड की भागीदारी समाज में महिलाओं की बढ़ती सक्रियता, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक योगदान का प्रतीक है। महिलाओं ने जिस आत्मविश्वास और समर्पण के साथ अपनी प्रस्तुति दी, वह पूरे आयोजन की यादगार झलक बन गई।
मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा
मुख्य प्रभारी सुभाष बाहेती ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर समाजजनो का भव्य स्वागत किया गया। शहर के प्रमुख मार्गों पर रंग-बिरंगी रोशनी, भगवा पताकाएं और स्वागत बैनर लगाए गए हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजजनों के उत्साह और सहयोग से इस वर्ष का आयोजन ऐतिहासिक बन गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर यह आयोजन भीलवाड़ा के धार्मिक इतिहास में लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा। शोभायात्रा में पुरुष सफेद पोशाक पहन और महिलाएं पीली साड़ी पहन शोभायात्रा में शामिल हुई। साथ ही शोभा यात्रा में अजमेर से मंगाए बड़े ड्रोन से चौराहे पर गुलाब कि पत्तियों से पुष्प वर्षा की गई।
महाप्रसाद में 18000 माहेश्वरियों का रामेश्वरम में होगा महासंगम
हरनी महादेव रोड स्थित समाज के रामेश्वरम भवन में महेश नवमी के अवसर पर देर रात 18 हजार स्वजनों का भगवान महेश का महा प्रसादी का महासंगम होगा, जिसमें 22 काउंटर लगाकर विभिन्न महिला व पुरुष क्षेत्रीय सभाओं को जिम्मेदारी सौपी गई।
