सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल।फूलियाकलां उपखंड क्षेत्र के बासेड़ा गांव के रैगर मोहल्ले में पिछले दस दिनों से चल रहे पेयजल संकट के बीच आखिरकार ग्रामीणों को राहत मिल गई। समाचार प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आया और पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत कर रैगर मोहल्ले तथा काकरिया मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति पुनः शुरू कर दी गई बाकी वार्डो में आज दिया जायेगा।
भीषण गर्मी के दौर में लगातार पानी की सप्लाई बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से महिलाओं को दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा था।
गौरतलब है कि 12 जून को बासेड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित प्रशासनिक शिविर में रैगर मोहल्ले की महिलाओं ने तहसीलदार के समक्ष पेयजल संकट का मुद्दा उठाया था। उस दौरान अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद कई दिनों तक स्थिति जस की तस बनी रही।समाचार प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग ने पाइपलाइन लीकेज को दुरुस्त कर जलापूर्ति बहाल की, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
*ग्रामीणों ने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि* भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो तथा गांव में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।ग्रामीणों ने बताया कि उपखंड अधिकारी फूलियाकलां द्वारा गांव में प्रत्येक तीन दिन में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग इन आदेशों की नियमित पालना कर पाएगा और ग्रामीणों को समय पर पानी उपलब्ध करा पाएगा, या फिर उन्हें दोबारा पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा।
