अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ के तहत जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर व जिला कलेक्टर ब्यावर श्रीमान कमल राम मीणा के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय गहलोत के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया गया।
इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई, लिए सैंपल:
खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा कस्बे के शिवा किराणा स्टोर, बालाजी डेयरी, कान्ता एजेंसी, और जानकीदास-घीसुलाल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से घी, तेल, दूध व मसालों के सैंपल लिए।
कान्ता एजेंसी पर मिली भारी अनियमितता, सामान नष्ट:
कार्रवाई के दौरान कान्ता एजेंसी पर बड़े स्तर पर लापरवाही सामने आई। टीम को मौके पर 100 किलो अवधि पार (Expiry) पनीर, टोस्ट और चॉकलेट आदि सामग्रियां मिलीं, जिन्हें आमजन के स्वास्थ्य के लिए
हानिकारक मानते हुए मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके साथ ही एजेंसी पर ‘गोवर्धन घी’ का सैंपल लिया गया और मिलावट की आशंका के चलते 180 किलो गोवर्धन घी को सीज कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी सैंपलों को जांच के लिए अजमेर स्थित लैब में भिजवाया गया है, रिपोर्ट असंतोषजनक आने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अखबार में पैक भोजन से कैंसर का खतरा: डॉ. संजय गहलोत
सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अखबार में पैक भोजन का उपयोग करने से बचें। अखबार की स्याही में हानिकारक रसायन और भारी धातुएं होती हैं, जिससे कैंसर, तंत्रिका तंत्र, किडनी और लिवर की गंभीर बीमारियां होने का खतरा रहता है। हमेशा फूड ग्रेड पैकिंग का ही इस्तेमाल करें।
आगामी दिनों में मंडियों और होटलों पर होगी कार्रवाई: नारायण सिंह
जांच दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री नारायण सिंह ने मीडिया को बताया कि यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। अगले चरण में होटलों, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों, कैफे, फल-सब्जी विक्रेताओं, मसाला व तेल मिलों सहित अनाज और सब्जी मंडी का निरीक्षण किया जाना प्रस्तावित है। खाद्य सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
