सुनील बाजपेई
कानपुर।स्मार्ट हलचल|कल मंगलवार जेसीबी से टकराकर हुई छात्र की मौत के मामले में प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उत्तेजित छात्रों ने आज बुधवार को पनकी स्थित पीएसआईटी कॉलेज में बवाल के साथ जमकर तोड़फोड़ भी की। इस बीच पुलिस ने भी जमकर लाठीचार्ज किया ,जिसमें कई छात्र घायल भी हो गए। यहां हालातों पर मुश्किल से नियंत्रण के बाद तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया।
साथी छात्र की मौत से आक्रोशित हजारों छात्रों ने पहले कैंपस में शांति मार्च निकाला, जिसके बाद देखते ही देखते उनका प्रदर्शन उग्र हो गया। इस बीच गुस्साए छात्रों ने कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने कैंपस के शीशे तोड़ दिए, गमले फेंक दिए और फर्नीचर को भी तहस नहस कर डाला।
जिसकी सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जब छात्र समझाने के बाद भी नहीं माने तो उसने छात्रों पर लाठी चार्ज कर दिया ,जिसमें कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
छात्रों ने इस दौरान यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। जिसकी वजह से ही रतनलाल नगर निवासी बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र प्रखर सिंह असमय ही मौत का शिकार हो गया। छात्रों ने मांग उठाई है कि सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक, जब कक्षाएं संचालित होती हैं। उस दौरान किसी भी तरह का निर्माण कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। इस हंगामे के दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। वहीं इसकी सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और कई घंटे की संघर्ष के बादछात्रों को शांत करने में सफलता प्राप्त की लेकिनतनाव लगातार बरकरार है ,जिसे देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पुलिस ने बताया कि तोड़फोड़ करने वाले छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके भी कार्रवाई की जाएगी।










