होटल संचालक पर जमीन कब्जाने और उत्पीड़न का आरोप, कार्रवाई की मांग

चित्तौड़गढ़, 24 जून।स्मार्ट हलचल।उदयपुर-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक होटल संचालक पर पड़ोसी काश्तकारों की भूमि पर कब्जे का प्रयास करने, फसलों को नुकसान पहुंचाने तथा परिवार को धमकाने के आरोप लगाते हुए राजस्थान क्षत्रिय कुमावत युवा शक्ति एवं ग्राम सरलाई के ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं राजस्व मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि सरलाई निवासी सत्यनारायण, दयाराम, प्रकाश, शंकरलाल, रतनलाल एवं रोशन कुमावत की पुश्तैनी कृषि भूमि से सटी होटल संपत्ति के संचालक द्वारा कथित रूप से दबाव बनाकर भूमि हथियाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों में खड़ी फल-सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचाया गया तथा परिवार को डराने-धमकाने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खेत में स्थित ट्यूबवेल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा उससे जुड़े उपकरण और सामग्री गायब कर दी गई, जिससे सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई है। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई, जिसके बाद मौके के निरीक्षण में ट्यूबवेल क्षतिग्रस्त पाया गया।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राजस्व विभाग की नापजोख में कथित रूप से 2 से 7 मीटर भूमि पर अतिक्रमण सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से प्रभावित परिवार भय और असुरक्षा की स्थिति में जीवन यापन कर रहा है।

ग्रामीणों एवं समाज प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा प्रभावित परिवार को राहत प्रदान करने की मांग की है।