सिया ने केतन से नहीं तोड़ी सगाई और दे दी मौत, ब्वॉयफ्रेंड ने बताया सच

पुणे के युवा कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई हैरान करने वाले दावे सामने आ रहे हैं. पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने सगाई खत्म करने या साथ भाग जाने की बजाय ऐसा रास्ता चुना, जिसने एक परिवार के चिराग को बुझा दिया . जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान चेतन चौधरी से यह सवाल किया गया कि जब दोनों एक-दूसरे के साथ रहना चाहते थे, तो उन्होंने घरवालों को सच बताने या कहीं और जाकर नई जिंदगी शुरू करने का विकल्प क्यों नहीं चुना?

पुलिस सूत्रों का दावा है कि इस सवाल के जवाब में चेतन ने बताया कि सिया सगाई तोड़ने के पक्ष में नहीं थी. उसे डर था कि ऐसा करने से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचेगा और रिश्तेदारों व समाज के बीच परिवार को शर्मिंदगी झेलनी पड़ेगी. 18 जून को पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान केतन अग्रवाल की खाई में गिरकर मौत हो गई थी. शुरुआती जानकारी में इसे एक दुखद दुर्घटना माना गया. सिया ने भी परिजनों को बताया था कि तेज हवा और पैर फिसलने की वजह से केतन नीचे गिर गया. हालांकि, जांच के दौरान मिले कुछ सुरागों ने पुलिस को मामले को दूसरे नजरिए से देखने पर मजबूर कर दिया.

सिया ने लोक-लाज के डर उठाया ये खौफनाक कदम

केतन हत्याकांड की जांच में लगातार एक के बाद एक करके परतें खुलती जा रही हैं. अब तक इस हत्याकांड में सबसे बड़ा राज जांच कर रही पुलिस की टीम ने खोला है. जब पुलिस टीम ने सिया के ब्वॉयफ्रेंड चेतन से पूछा कि सिया चेतन के घरवालों से या अपने घरवालों से ये बात बता सकती थी कि वो केतन से नहीं बल्कि चेतन से प्यार करती है ऐसे में उसकी शादी केतन से न की जाए. तो शायद घरवाले मान जाते और इतनी खौफनाक वारदात को अंजाम देने की जरूरत नहीं पड़ती. इस सवाल के जवाब में चेतन ने बताया कि सिया को अपने परिवार की प्रतिष्ठा का ध्यान था वो लोक-लाज के डर से किसी को हमारे रिलेशन के बारे में नहीं बताया और चुपचाप शादी के लिए तैयार हो गई. इसके बाद हमने ये साजिश रची.

कैसे खुला केतन की हत्या का राज?

पुलिस के अनुसार, किले के टिकट काउंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. अधिकारियों का दावा है कि यह व्यक्ति लगातार केतन और सिया के पीछे-पीछे चलता नजर आया. जांच अधिकारियों के मुताबिक, उस व्यक्ति ने शॉर्ट्स और हुडी पहन रखी थी. हुडी का आगे का हिस्सा इस तरह नीचे खींचा गया था कि उसका चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा था. उसके ऊपर हेडसेट भी लगा हुआ था. एक अन्य फुटेज में पुलिस ने देखा कि जैसे ही सिया पीछे मुड़कर देखती है, वैसे ही वह व्यक्ति अचानक बैठ जाता है, जिससे जांचकर्ताओं का संदेह और गहरा हो गया.

चेतन की हुडी बनी केतन मर्डर केस की सबसे बड़ा क्लू

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान 18 जून के मौसम संबंधी आंकड़ों की भी जांच की गई. उस दिन तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. ऐसे मौसम में किसी व्यक्ति का पूरी तरह हुडी से खुद को ढंककर घूमना अधिकारियों को असामान्य लगा, जिसके बाद उसकी पहचान पता लगाने की कोशिश तेज कर दी गई. पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुडी पहने व्यक्ति की पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई.

चेतन और सिया को कोर्ट ने 29 जून तक हिरासत में भेजा 

जांच एजेंसियों का आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची थी. फिलहाल दोनों आरोपियों को अदालत ने 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है. अदालत में आरोप सिद्ध होने तक दोनों आरोपी कानूनी रूप से निर्दोष माने जाएंगे.