बनास नदी में बजरी माफिया पर तड़के सर्जिकल स्ट्राइक, DST ने 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली किए जब्त

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने बुधवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सवाईपुर क्षेत्र के रेण गांव के पास बनास नदी में जिला स्पेशल टीम (DST) ने ताबड़तोड़ दबिश देकर अवैध बजरी से भरे सात ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिए हैं। इस अचानक हुई कार्रवाई से बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

अंधेरे का फायदा उठा रहे थे माफिया

जानकारी के अनुसार, बजरी माफिया रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बनास नदी से अवैध खनन कर रहे थे। डीएसटी टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर तड़के अचानक छापा मारा। पुलिस की दबिश इतनी तेज और सटीक थी कि मौके पर खनन और परिवहन की तैयारी में जुटे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पुलिस ने 7 वाहनों को धर दबोचा।

“लंबे समय से बनास नदी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। डीएसटी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर बड़लियास थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।” – पुलिस सूत्र

SP धर्मेन्द्र सिंह का सख्त संदेश

यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में अंजाम दी गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तेवर के साथ जारी रहेगा और प्राकृतिक संपदा व कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। बड़लियास थाना पुलिस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।