लाइफलाइन पीस ग्लोबल फाउंडेशन की अनूठी पहल, विवाह समारोह में वर-वधू को उपहार में मिले हेलमेट

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।शादी के पवित्र मंडप में जहाँ जीवन भर साथ निभाने की कसमें खाई जाती हैं, वहीं एक नवदंपति ने समाज के लिए जागरूकता की एक शानदार मिसाल पेश की है। ‘लाइफलाइन पीस ग्लोबल फाउंडेशन’ (LPGF) की प्रेरणा से एक नवविवाहित जोड़े ने अग्नि को साक्षी मानकर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की शपथ ली।यह अनूठी पहल टॉडगढ़ निवासी विजय सिंह की पुत्री निशा और रूपारेल श्री सीमेंट निवासी साजन सिंह के पुत्र मुकेश के विवाह समारोह में देखने को मिली। विवाह की रस्मों के बीच दोनों ने जीवन की नई शुरुआत के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के महत्व को समझते हुए हमेशा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

उपहार में मिला ‘सुरक्षा कवच’
इस अवसर पर संस्था की कार्यकारी अध्यक्ष निर्मला सामरिया एवं भारती बारूपाल ने नवदंपति को उपहार स्वरूप हेलमेट भेंट किए। यह अनोखा उपहार इस बात का प्रतीक है कि जीवन की सुरक्षा से बड़ा कोई दूसरा शगुन नहीं हो सकता।

संस्था के निदेशक एवं राष्ट्रीय महासचिव मनोज बारूपाल ने वर-वधू को यातायात नियमों के पालन की यह महत्वपूर्ण शपथ दिलाई और उन्हें एक सफल, सुरक्षित एवं सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ दीं।

जनसमूह ने की सराहना
विवाह समारोह में उपस्थित सभी मेहमानों और जनसमूह ने इस सामाजिक और जन-जागरूकता वाली पहल का तालियों की गड़गड़ाहट (करतल ध्वनि) के साथ जोरदार स्वागत किया। सड़क हादसों को कम करने की दिशा में उठाया गया यह कदम निश्चित रूप से समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा देगा।