(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।शहर की बापू कॉलोनी स्थित अरिहंत हॉस्पिटल के सामने वॉलीबॉल मैदान के पास वर्षों से टूटा और जर्जर ट्रांसफार्मर पोल किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। अस्पताल आने-जाने वाले मरीज, राहगीर और मैदान में खेलने वाले बच्चों की सुरक्षा पर लगातार खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक पोल बदलने की कोई कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के मौसम में पोल की स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
समाजसेवी छीतर मल गेंगट ने मौके पर पहुंचकर पोल का फोटो और वीडियो बनाकर बिजली विभाग के अधिकारियों को भेजा तथा तत्काल नया ट्रांसफार्मर पोल लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि विभाग को किसी अनहोनी का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि जनहित को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने भी बिजली विभाग से जल्द समाधान की मांग करते हुए कहा कि समय रहते पोल नहीं बदला गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
