स्मार्ट हलचल|ब्यावर शहर के देलवाड़ा ब्रिज स्थित नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क पर चल रहे एक ट्रेलर के पीछे अचानक अनियंत्रित होकर दूसरा ट्रेलर जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में सुरसुरा निवासी गणेश गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद वह ट्रेलर के केबिन में फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
इसी दौरान 108 एंबुलेंस एक ट्रक के पीछे-पीछे उसी मार्ग से आ रही थी। एंबुलेंस चालक प्यारचंद और नर्सिंग कर्मी कालूराम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल वाहन रोककर घायल को केबिन से बाहर निकलवाने में सहयोग किया और प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय तक बाईपास मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में दो क्रेनों की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से साइड में हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।










