32 वर्षों की सेवा के बाद वरिष्ठ अध्यापिका मीना गौतम सेवानिवृत्त, भव्य विदाई में उमड़ा जनसैलाब

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल।कस्बे के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) में कार्यरत वरिष्ठ अध्यापिका मीना गौतम मंगलवार को 32 वर्षों की उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुईं। इस अवसर पर उनके सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।विद्यालय परिसर से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जो राज मंदिर चौक, शीतला माता चौराहा, पुराने थाने के पीछे होते हुए मनोहरथाना मार्ग से उनके निवास तक पहुंची। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर एवं मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। आतिशबाज़ी कर उनकी सेवाओं को यादगार बनाया गया।

इस अवसर पर मीना गौतम के परिवार में पति सेवानिवृत्त पूर्व बीईईओ दिनेश शर्मा, पुत्र अनुराग शर्मा, पुत्र वधू सपना गौतम, पुत्र डॉ. सुदर्शन शर्मा (मेडिकल ऑफिसर) एवं पुत्र वधू डॉ. विनिता शर्मा (स्त्री रोग विशेषज्ञ) सहित परिजनों की उपस्थिति रही। साथ ही उनकी बेटियां निकेता, कृतिका एवं अन्य परिवारजन भी मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद पंचौली सहित समस्त स्टाफ ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
मीना गौतम ने अपने सेवाकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और अनेक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभाई। उनकी सेवानिवृत्ति पर सभी ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।