मोनू सुरेश छीपा
शाहपुरा (भीलवाड़ा)।स्मार्ट हलचल।शाहपुरा क्षेत्र के देवखेड़ा गांव में एक बच्चे के साथ मोबाइल से जुड़ा एक हादसा सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता बसंत वैष्णव के अनुसार, एक बच्चे के पास टेक्नो कंपनी का मोबाइल था। बताया जा रहा है कि मोबाइल उसकी पैंट की जेब में रखा हुआ था। इसी दौरान बच्चे को जेब में तेज गर्माहट महसूस हुई। जैसे ही उसने मोबाइल को जेब से बाहर निकालने का प्रयास किया, उसी समय मोबाइल में कथित रूप से ब्लास्ट हो गया।
हादसे में बच्चे का हाथ झुलस गया, वहीं जांघ के पास भी जलने की चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को उपचार के लिए शाहपुरा सेटेलाइट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
सामाजिक कार्यकर्ता बसंत वैष्णव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चे की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल मोबाइल में ब्लास्ट होने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा बैटरी में खराबी, अधिक गर्म होने या किसी अन्य तकनीकी कारण से हुआ। संबंधित कंपनी या प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
