क्षेत्र में 80% सड़कों का काम हुआ पूर्ण व प्रगतिरत
बी एम राठौर
सांगोद|स्मार्ट हलचल।सांगोद विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने और किसानों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में भारी उत्साह है। सांगोद ब्लॉक की 36 ग्राम पंचायतों में खेतों के रास्ते बनाने की बड़ी सौगात मिलने पर, सांगोद क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने जयपुर पहुंचकर राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। जनप्रतिनिधियों ने खेतों के रास्तों के लिए मंत्री नागर का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के किसानों के लिए सबसे बड़ी सौगात बताया।
कार्यक्रम के दौरान सांगोद के प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं ने ऊर्जा मंत्री के प्रयासों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मंत्री नागर के विजन और इच्छाशक्ति के कारण ही आज सांगोद क्षेत्र की लगभग 80 फीसदी सड़कों का काम या तो पूरी तरह से पूर्ण हो चुका है या फिर तीव्र गति से प्रगति पर है। डामर और ग्रेवल सड़कों के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ विधायक कोष से भी कई महत्वपूर्ण रास्ते स्वीकृत किए गए हैं। प्रधान जयवीर सिंह ने कहा कि खेतों के जो रास्ते बन रहे हैं, स्वीकृत हैं या प्रगतिरत हैं, वे आने वाले समय में क्षेत्र की कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक नई मजबूती प्रदान करेंगे।
जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत होकर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंत्री नागर ने कहा कि सांगोद की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर हमेशा खरे उतरेंगे। खेतों के रास्ते दुरुस्त होने, कुछ के पूर्ण होने और कई के प्रगतिरत होने से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक ले जाने में आ रही दिक्कतों का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे स्वयं इन विकास कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करें ताकि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के जयपुर निवास पर आयोजित इस अभिनंदन कार्यक्रम में सांगोद और कनवास क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने एकजुटता दिखाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर प्रधान जयवीर सिंह अमृत कुआं, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, चंद्रप्रकाश सोनी सांगोद मंडल अध्यक्ष, सत्यवान नागर कनवास मंडल अध्यक्ष, योगेंद्र नागर, प्रेम गोचर, शिवराज नागर, रामस्वरूप करीरिया और महावीर नागर सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता व प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।
