दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत आलोली में जनकल्याण शिविर के अंतर्गत ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में कार्यवाहक उपखंड अधिकारी भगवती प्रसाद वैष्णव, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रतिनिधि अंतिमा कुमारी, सहायक विकास अधिकारी चिरंजी लाल वर्मा, सत्यनारायण बेरवा, स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, प्रशासक अनोप देवी, बिरदीचंद कुमावत, उपखंड कार्यालय कार्मिक विनोद सैन, ग्राम विकास अधिकारी मोहनलाल कुमावत, कनिष्ठ सहायक आशा मीणा, गौरव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में कुल 22 विभागों ने भाग लिया और अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान 5 पट्टों का वितरण, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 5 व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृत, प्रधानमंत्री आवास योजना के 3 लाभार्थियों को तृतीय किस्त का हस्तांतरण, 8 पेंशन सत्यापन, 22 जन आधार संशोधन, तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 2 नए बैंक खाते खोले गए।
इसके अलावा महिला अधिकारिता विभाग द्वारा कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम, मंगला पशु बीमा योजना की 37 पॉलिसियां, कृषि विभाग द्वारा 35 किसानों को मूंग मिनी किट एवं 15 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। चिकित्सा विभाग ने 103 मरीजों तथा आयुर्वेद विभाग ने 80 मरीजों का उपचार एवं परामर्श दिया।
शिविर में विद्युत विभाग को 1 नए बिजली कनेक्शन का आवेदन, परिवहन विभाग द्वारा 11 स्मार्ट कार्ड पंजीकरण, राजस्व खातों का 12 मामलों में शुद्धिकरण, 5 आपसी सहमति एवं बंटवारा प्रकरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 42 पंजीकरण, 17 नामांतरण प्रकरण, 5 सीमा ज्ञान पत्थरगढ़ी प्रकरण तथा 20 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जनहित के कार्यों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
