देवमाली में भगवान देवनारायण के किए दर्शन, किसान के घर पी चाय; बुजुर्ग महिला से कराया नमो उपवन का उद्घाटन

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ब्यावर जिले के प्रसिद्ध देवमाली गांव का दौरा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जहाँ एक ओर भगवान देवनारायण मंदिर में शीश नवाया, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण परिवेश के बीच पहुंचकर आमजन और किसानों से सीधा संवाद किया।

किसान के घर पहुंचे मुख्यमंत्री, बच्चों को बांटी चॉकलेट
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सहज और आत्मीय अंदाज में नजर आए। वे स्थानीय किसान रामलाल गुर्जर के घर पहुंचे और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर जमीन पर बैठकर चाय पी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गांव के स्कूली बच्चों से बात कर उन्हें चॉकलेट बांटी और देवमाली ग्राम पंचायत प्रशासक समिति के सदस्यों से ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा की।

बुजुर्ग महिला प्रेम देवी से करवाया पौधारोपण का उद्घाटन
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने ‘नमो उपवन’ में पौधारोपण कार्य का उद्घाटन गांव की ही एक बुजुर्ग महिला प्रेम देवी से करवाकर अनूठी मिसाल पेश की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं पीपल का पौधा लगाया और ‘मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान’ के तहत बेहतर कार्य करने वाले स्कूली बच्चों को प्रशस्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया।

प्रशासन को दिए कड़े निर्देश: शिक्षा, नेटवर्क और रोपवे पर फोकस
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिला प्रशासन को देवमाली गांव के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए:

विरासत का संरक्षण: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के विजन को दोहराते हुए गांव के मूल स्वरूप और प्राकृतिक सौंदर्य को बिना नुकसान पहुंचाए विकास कार्य करने को कहा।

शिक्षा और ड्रॉप आउट पर लगाम: जिला कलक्टर को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा बालिकाओं के स्कूल ड्रॉप आउट को शून्य करने के निर्देश दिए।

मोबाइल नेटवर्क और रोपवे: गांव में लंबे समय से आ रही मोबाइल नेटवर्क की समस्या का तुरंत समाधान करने तथा देवनारायण मंदिर तक रोपवे निर्माण की संभावनाओं को तलाशने की हिदायत दी।

यह रहे उपस्थित:

इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, स्थानीय विधायक विरेन्द्र सिंह कानावत सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।